कोरबा-दीपका। गेवरा-पेंड्रा रेल कॉरिडोर परियोजना रेल लाइन के कारण नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड 7 कृष्णा नगर वासियों को काफी परेशानी हो रही है। इस रेल पथ के प्रस्ताव आने के बाद से ही विरोध हो रहा है क्योंकि कृष्णा नगर चारों दिशाओं से रेल पथ, कोयला सडक़, वाशरी से घिर रहा है जिससे यहां के रहवासियों को आवागमन के साथ ही प्रदूषण की समस्याओं से जीना दूभर हो जाएगा। यही कारण है कि लोगों को अब मजबूरी में आंदोलन की राह चुनने के लिए बाध्य होना पड़ा है ।
इस समस्या को लेकर कृष्णा नगर में ऊर्जाधानी भू-विस्थापित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप की उपस्थिति में बैठक कर सर्व सम्मति से चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। अब तक किये गए मांगों को अनसुना करने से आक्रोशित लोगों ने एसडीएम कार्यालय में 30 जुलाई, कलेक्टर कार्यालय में 6 अगस्त को धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को रखने का निर्णय लिया है। बात नहीं बनने पर 20 अगस्त को कृष्णा नगर से होकर गुजरने वाली रेल लाइन बंद आंदोलन करने की योजना तैयार की गई है। आंदोलन के लिए गठित संयोजन समिति के संयोजक धरम दास गुप्ता, सहसंयोजक श्रीमती सीमा निर्मलकर और अन्य सदस्य शामिल हैं।
बैठक में वार्ड पार्षद सुशील कुमार गुप्ता, गोरेलाल सोनी, मीना, सीमा, पार्वती चंद्रा, गीताबाई महंत, ममता गुप्ता, तारा गुप्ता, आशा, मूलचंद राजपूत, इंदर सेन अग्रवाल, सरताज कुरेशी, शमीम कुरेशी, मोहम्मद अशरफ खान, धरम दास गुप्ता (गांधी), पूर्व पार्षद कोमल कौशिक, बलराम सिंह मौर्य सहित अन्य उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















