मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना के बाद शनिवार रात विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे, जहां कथित धर्मांतरण को लेकर विरोध शुरू हो गया। इस दौरान हंगामा और मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

होटल में 15 कमरे बुक, करीब 40 लोगों के ठहरने की जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में 15 कमरे बुक कराए गए थे। बताया जा रहा है कि होटल में लाफा, पाली और कटघोरा क्षेत्र के करीब 40 लोग ठहरे हुए थे। इनमें 10 हिंदू परिवारों के शामिल होने की बात भी कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कमरे जॉन मसीह के नाम से बुक कराए गए थे।
होटल में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। इसके बाद कथित धर्मांतरण को लेकर विरोध शुरू हो गया और विवाद बढ़ गया। बजरंग दल के प्रमुख राणा मुखर्जी ने ईसाई मिशनरी पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मानिकपुर स्थित इंडियन प्रेयर चर्च (आईपीसी) के माध्यम से मतांतरण कराए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। होटल में लोगों को बिना पहचान पत्र के ठहराए जाने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले में पुलिस की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















