दो बाइकों की भिड़ंत के बाद जमा भीड़ में बेकाबू कार घुसी, दूसरी बाइक सवार युवक से मारपीट का वीडियो वायरल
कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर के पास लगातार हुए दो सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए। पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनेश्वर श्रीवास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ के बीच एक अनियंत्रित कार जा घुसी, जिसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।
घटनाक्रम के दौरान एक बाइक सवार युवक के साथ मारपीट भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, नवलपुर के पास दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत में धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत छह घायल
पहले हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और भीड़ में जा घुसी। कार की चपेट में आने से आरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए। इसके बाद कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुक गई।
बताया जा रहा है कि कार ग्राम ठठारी के एक व्यक्ति की है।
कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में घायल आरक्षक समेत अन्य लोगों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद बाइक सवार युवक से मारपीट
बाइक की टक्कर में युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार एक युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार हुए हादसों और मारपीट के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
दशहरा पर्व के आयोजनों के चलते इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसों के कारणों और मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















