मुड़ापार मार्ग पर चलती बाइक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

स्पार्किंग के बाद दोपहिया बना आग का गोला, दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू

कोरबा।शहर के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर अचानक एक दोपहिया वाहन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वाहन में स्पार्किंग होते ही चालक ने सतर्कता दिखाते हुए बाइक छोड़ दी और सुरक्षित बाहर निकल गया। कुछ ही देर में वाहन आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई की, हालांकि तब तक दोपहिया के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके थे।

जानकारी के अनुसार, एक युवक बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। मुड़ापार मुख्य मार्ग पर अचानक उसे वाहन में तकनीकी खराबी महसूस हुई। इसी दौरान स्पार्किंग होने लगी। खतरे को भांपते हुए युवक तत्काल बाइक से उतर गया। उसके हटते ही वाहन में आग लग गई और सड़क से गुजर रहे लोग घटनास्थल पर रुककर घटना देखने लगे।

इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया।

राहगीरों में से एक ने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग से वाहन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा। समय रहते चालक के उतर जाने से वह सुरक्षित बच गया।

वाहन में आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर स्पार्किंग को घटना की वजह बताया जा रहा है।