कोरबा।शहर में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने सीएसईबी चौक पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 16.15 लाख रुपये की लागत से निर्मित वेटिंग शेड का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों पर स्थापित 195 नवीन स्ट्रीट लाइटों का भी लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से चौक पर रुकने वाले लोगों को धूप और बारिश से राहत मिलने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर रात के समय रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
सीएसईबी चौक पर यात्रियों को मिलेगी राहत
वेटिंग शेड के लोकार्पण अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सीएसईबी चौक पर सिग्नल के दौरान इंतजार करने वाले लोगों को अब तेज धूप और बारिश से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि चौक के दूसरी ओर भी वेटिंग शेड का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण भी शीघ्र पूरा करने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि सीएसईबी चौक को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। डीएमएफ मद से शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
तीन प्रमुख मार्गों पर 195 स्ट्रीट लाइटें
नगर निगम क्षेत्र के तीन प्रमुख मार्गों पर कुल 195 नवीन स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं। इनका विवरण इस प्रकार है
राताखार मुख्य मार्ग से पुराना पुल होते हुए मुक्तिधाम तक: 44 नवीन स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
रामनगर चौक से सिपेट होते हुए अयोध्यापुरी तक: वार्ड क्रमांक 51 एवं 52 में 80 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं। इस कार्य पर 25.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
जमनीपाली पेट्रोल पंप चौक से कॉरपोरेशन साइट स्थित प्रधानमंत्री आवास तक: वार्ड क्रमांक 58 के सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में 71 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इस कार्य की लागत 25.25 लाख रुपये है।
तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना से रात के समय आवागमन में सुविधा और सड़क सुरक्षा में सुधार होने की उम्मीद है।
वार्डों में विकास कार्यों को गति देने का दावा
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में वार्डों के छोटे-बड़े विकास कार्यों से लेकर मुख्य मार्गों के डामरीकरण तक विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों से अलग-अलग मदों में विकास कार्यों की स्वीकृति मिल रही है, जिससे शहर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, पार्षद रामकुमार साहू, मथुरा चंद्रा, मुकुंद कंवर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा, विजय गुप्ता, राजेश राठौर, मनोज लहरे, पार्षद सरोज शांडिल्य, परमिंदर सिंह, अजय चंद्रा, पार्षद फिरथ साहू, एल्डरमैन ईश्वर साहू, रवि चंदेल, अंजय अग्रवाल, किशोर साहू, आशीष अग्रवाल और संजय कुर्मवंशी सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















