महाराष्ट्र मंडल का कोजागिरी उत्सव आज, मेधावी बच्चों और प्रतिभाओं का होगा सम्मान

कोरबा।शरद पूर्णिमा के अवसर पर महाराष्ट्र मंडल कोरबा द्वारा 25 अक्टूबर को कोजागिरी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बुधवारी बाजार स्थित श्री गजानन साईं मंदिर में होने वाले इस कार्यक्रम में महाराष्ट्रीयन परिवारों के बच्चों को उज्ज्वल भविष्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही व्यवसाय, शिक्षा, समाज सेवा, संगीत, खेल और चित्रकला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

महाराष्ट्र मंडल, भगिनी मंडल कोरबा और गणेश सेवा समाज के पदाधिकारियों की बैठक में उत्सव के आयोजन और कार्यक्रमों को लेकर निर्णय लिया गया। इसके तहत जिले के महाराष्ट्रीयन परिवारों के बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरण किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले सदस्यों का सम्मान भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

खेल और अंताक्षरी से सजेगी शाम
कोजागिरी उत्सव के दौरान बच्चों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, बड़ों के लिए अंताक्षरी सहित विभिन्न गतिविधियां रखी गई हैं, ताकि परिवारों के बीच मेल-मिलाप और सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ावा मिल सके।

महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष हेमंत माहुलीकर, भगिनी मंडल की अध्यक्ष स्नेहल ओत्तलवार और गणेश सेवा समाज के अध्यक्ष राजेंद्र पागे ने कोरबा जिले के सभी महाराष्ट्रीयन बंधु-भगिनियों से उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।