कोरबा। जिले के पसान क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले एक सप्ताह से लगभग 40 हाथियों का दल पसान, कोरबी, मोरगा और आसपास के जंगलों में घूम रहा है। हाथियों की आवाजाही से किसानों की खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने के साथ कुछ कच्चे मकानों को भी क्षति होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नुकसान का आकलन कर पात्र परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
रातभर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल लगातार जंगलों और आसपास के गांवों के नजदीक विचरण कर रहा है। शाम होते ही हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ जाती है। अपनी फसलों और घरों की सुरक्षा के लिए लोगों को रातभर जागकर पहरा देना पड़ रहा है।
हाथियों को गांवों से दूर रखने के लिए ग्रामीण टॉर्च और ढोल-नगाड़ों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद खतरा बना हुआ है।
हाथियों की आवाजाही से कई किसानों की धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं, कच्चे मकानों को क्षति पहुंचने से कुछ परिवारों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
गश्त बढ़ाने और हाथी मित्र दल सक्रिय रखने के निर्देश
ग्रामीणों की परेशानी और हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और वनमंडल के अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया।
सांसद ने वन विभाग को हाथी प्रभावित गांवों में गश्त बढ़ाने, हाथी मित्र दलों को सक्रिय रखने और मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यक कर्मचारियों और संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने पर जोर
सांसद ने अधिकारियों से हाथियों के कारण फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का जल्द आकलन करने को कहा। उन्होंने शासन के प्रावधानों के अनुसार पात्र प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराने तथा इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथियों के दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को परेशान करने या उनके करीब जाने से बचें और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। साथ ही रात के समय अकेले जंगल की ओर जाने से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















