आरटीआई के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आज से ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण

28 अक्टूबर तक चार चरणों में होगा आयोजन, लोक सूचना और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को दी जाएगी जानकारी

कोरबा। सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके प्रावधानों की बेहतर समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिले में 25 से 28 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को आरटीआई के तहत जानकारी उपलब्ध कराने, आवेदनों के निराकरण और निर्धारित प्रक्रिया के पालन से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों, खाद्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के नामांकित लोक सूचना अधिकारियों (पीआईओ) और प्रथम अपीलीय अधिकारियों (एफएओ) को शामिल किया जाएगा। संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को अपने विभाग के नामांकित अधिकारियों- कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागवार निर्धारित किया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अक्टूबर को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिवों और जनसूचना अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। 26 अक्टूबर को खाद्य विभाग के उचित मूल्य दुकान संचालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वहीं, 28 अक्टूबर को स्कूल शिक्षा विभाग के लोक सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। इसी दिन राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, पशुपालन, विद्युत, वन और गृह विभाग सहित अन्य विभागों के नामांकित अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों, सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया और आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के प्रति जागरूक करना है, ताकि अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।