शौचालय की दीवार फांद कर फरार हुए बाल अपराधी

कुछ घंटे बाद वापस लौटे

कोरबा। जिले के शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार सुबह दो नाबालिग बालक फरार हो गए। जानकारी के अनुसार कटघोरा और पाली थाना क्षेत्र में हुए अनाचार के मामले में पुलिस ने दो नाबालिक बालक के खिलाफ कार्रवाई की थी। विधि के विरुद्ध संघर्षरत दोनों नाबालिक बालक को सिविल लाइन थाना अंतर्गत रिसदी चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। रोजाना की तरह रात में भोजन बाद बालगृह के दरवाजे को बंद कर दिया गया था।

आज सुबह शौच के बहाने बाल संप्रेक्षण गृह के पीछे हिस्से में पहुंचे और शौचालय की दीवार से कूद कर फरार हो गए। घटना के कुछ ही देर पहले सुरक्षा में तैनात नगर सैनिक संतोष केंवट राउंड के बाद मुख्य द्वार पर बैठा था और पीछे के रास्ते से घटना हो गई। इन दोनों के फरार होने की जानकारी तब लगी जब काफी देर तक कमरे में नहीं आये। इसकी सूचना बालक के परिजनों को दी गई और बालक के घर पहुंचने पर तत्काल सूचना देने कहा गया।


जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधीक्षक बाल संप्रेक्षण गृह गजेन्द्र देव सिंह ने बताया कि भागे हुए दोनों बच्चे वापस आ गए हैं। एक बच्चे को छोडऩे के लिए खुद परिजन आए थे और दूसरे को भी बरामद कर लिया गया।