आकाशीय गर्जना से केबल बर्स्ट, शहर में बंद रही पांच घंटे बिजली

कोरबा : क्षेत्र में शनिवार को हुई झमाझम वर्षा से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। लोगों को पांच घंटे तक अंधेरे में गुजारना पड़ा। तेज गर्जना व आकाशीय बिजली की वजह से तुलसीनगर सबस्टेशन में केबल बर्स्ट हो गया। इससे पूरे शहर में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। लाइन डायवर्ट कर शहर में बिजली आपूर्ति की गई। रविवार को केबल बदलने का काम किया जाएगा।

विद्युत सबस्टेशन में पदस्थ ठेका कर्मियों की हड़ताल लगातार जारी है और इसका असर अब शहर में दिखाई देने लगा है। वितरण विभाग के अधिकारियों ने ठेका कर्मियों के हड़ताल पर जाने से सबस्टेशन की जिम्मेदारी विभागीय कर्मियों को सौंप दी है। इससे विभाग के समक्ष कर्मियों की कमी हो गई और अब शहर में बिजली आपूर्ति में कहीं भी खराबी आने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदानी अमला कम होने से सुधार कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है। शनिवार को क्षेत्र में हुई तेज वर्षा के साथ आकाशीय गर्जना से तुलसीनगर स्थित विद्युत सबस्टेशन का 33 केवल बर्स्ट हो गया। इससे पूरे शहर में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पानी बंद होने के बाद सीमित मैदानी अमला ने पहले फाल्ट खोजना शुरू किया।


काफी मशक्कत के बाद फाल्ट मिलने पर सुधार कार्य शुरू करने की कोशिश की गई, पर केबल की उपलब्धता नहीं होने से काम रूक गया। बाद में कर्मियों ने 33 केवी लाइन को डायवर्ट कर एबी टाइप से जोड़ा। इसके बाद तुलसी नगर सबस्टेशन तक बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। शाम को एक के बाद एक करते हुए धीरे- धीरे शहर में बिजली आपूर्ति बहाल की गई। शाम 5.30 बजे तक पूरे शहर में बिजली सप्लाई होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।