पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे आज, रविवार (2 जून) को दोनों राज्यों में सुबह 6 बजे से मतगणना जारी है। रुझान अब नतीजों में तेजी से बदल रहे हैं। सिक्किम में सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा यानी SKM ने इतिहास रच दिया है। SKM ने क्लीन स्वीप करते हुए 31 सीटें जीत ली हैं। SDF को महज एक सीट मिली है। एक तरह से विपक्ष यहां खत्म हो गया है। 2019 के आम चुनाव बाद SKM का भाजपा के साथ गठबंधन हुआ था, लेकिन इस बार चुनावों से पहले भाजपा ने सिक्किम में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
उधर, अरुणाचल प्रदेश में जनता ने सत्ताधारी भाजपा पर भरोसा दिखाया है। यहां सीएम पेमा खांडू के नेतृत्व में चुनाव लड़ी भाजपा ने 46 सीटें जीत ली है। जबकि NPEP को 5, NCP को 3, PPA को 2, INC को 1 और निर्दलीयों को 3 सीटों पर जीत हासिल हुई है।
अरुणाचल और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 19 अप्रैल को एक ही चरण में हुई थी।
कैसा था 2019 का रिजल्ट?
अरुणाचल में विधानसभा की 60 और सिक्किम में 32 सीटें हैं। 2019 के चुनाव में अरुणाचल में भाजपा ने 42 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इस बार के अरुणाचल चुनाव में भाजपा पहले ही 10 सीटों पर निर्विरोध जीत चुकी है। वहीं, सिक्किम की 32 सीटों में से 17 पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) काबिज है और लगातार दूसरी बार जीत की उम्मीद लगाए है। हालांकि विपक्षी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) उसे सत्ता से बेदखल करना चाहता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















