पाली : राष्ट्रीय राजमार्ग 130 बिलासपुर- कटघोरा में एक बार फिर तेज रफ्तार की वजह से एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की। घटना पाली थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग में पतरापाली- कटघोरा के मध्य स्थित वन विभाग के नर्सरी पाली रंगोले जाने वाले मार्ग के पास हुई।
बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात भारी वाहन ने एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में महिला वाहन के नीचे बुरी तरह पिस गई। घटना किस वक्त हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका। सुबह लोगों ने सड़क पर क्षत-विक्षत महिला की लाश देखी, तो इसकी सूचना पाली पुलिस को दी। स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव शिनाख्त का प्रयास करने का प्रयास किया, पर देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संभावना जताई जा रही कि मृतका को रात में किसी एक वाहन ने टक्कर मारी है और जब गिर पड़ी, तब कई वाहन उसके उपर से गुजर गए। इससे महिला पिस गई। बहरहाल पाली पुलिस महिला की शिनाख्त करने अपने स्तर पर प्रयास कर रही है। यहां बताना होगा कि दो दिन पहले ही पाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बोलेरा ने एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मार दी थी। घटना में महिला की स्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।
अब पुन: तेज रफ्तार की वजह से महिला की जान गई।
प्रशासन व पुलिस द्वारा रफ्तार पर अंकुश लगाने लगातार प्रयास किया जा रहा है, पर तेज रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पा रहा। चालक भी नियंत्रित गति से वाहन नहीं चला रहे हैं। इससे इस मार्ग में दुर्घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677