कोरबा। SECL गेवरा परियोजना से प्रभावित ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के ग्रामीण पुनर्वास के लिए सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने की मांग पर अड़े हैं।
समाजसेवी प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने इस मांग को लेकर मुहिम तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि विस्थापन के बाद उन्हें ऐसी जगह बसाया जाए, जहां उनके सामाजिक जुड़ाव, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का सहज लाभ मिल सके।
14 नवंबर को सरपंच की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण भिलाई बाजार के समीप एकजुट हुए और सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की मांग उठाई। समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल बनाए जाने की मांग को उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल की अनुशंसा भी प्राप्त है। ग्राम पंचायत भिलाई बाजार की ग्रामसभा में भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
मांग को शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए 17 नवंबर को गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर कोरबा पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव को ग्रामीणों के साथ लिखित आवेदन सौंपा गया। आवेदन के जरिए विस्थापित परिवारों की समस्या और सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने की मांग से अवगत कराया गया। उपमुख्यमंत्री ने मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर को निर्देशित किया।
इसी कड़ी में प्रदीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर संपर्क कर भिलाई बाजार के विस्थापित परिवारों की पुनर्वास समस्या रखी और सर्वमंगला नगर में बसाहट की मांग की। मुख्यमंत्री ने मामले में जिला कलेक्टर से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुनर्वास महज जमीन आवंटन का विषय नहीं, बल्कि परिवारों के भविष्य, सामाजिक संबंधों, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा सवाल है।
ऐसे में पुनर्वास स्थल का चयन ग्रामीणों की सहमति और उनकी वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन और SECL प्रबंधन के निर्णय पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल बनाए जाने की मांग को लेकर उनका प्रयास जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
