एसईसीएल मुख्यालय में संविधान दिवस,उद्देशिका का वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता

बिलासपुर।साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों ने संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से उद्देशिका दोहराते हुए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति निष्ठा व्यक्त की।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य संविधान में निहित मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।