एसईसीएल ने मनाया 42वां स्थापना दिवस, उत्कृष्ट योगदान के लिए 13 पुरस्कार प्रदान

सीएमडी हरीश दुहन बोले- राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोपरि दायित्व, पूर्व नेतृत्व ने साझा किए अनुभव

बिलासपुर। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस 25 नवंबर को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष- सह- प्रबंध निदेशकों एवं पूर्व निदेशकों ने सहभागिता कर एसईसीएल की विकास यात्रा, अनुभवों और स्मृतियों को साझा किया। शाम को आयोजित सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सीएमडी हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है। सभी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देना होगा। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर विश्वास जताते हुए सामूहिक प्रयासों से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कंपनी को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

समारोह में पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी, प्रेम सागर मिश्रा सहित पूर्व निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व नेतृत्व ने संस्थान से जुड़ी स्मृतियों, अनुभवों और अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया।

शहीद स्मारक एवं प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि
मुख्य समारोह से पूर्व सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मुख्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा तथा श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और गुब्बारों के विमोचन के साथ स्थापना दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। समारोह में एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल एवं ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

ज्ञान साझा सत्र में भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा

समारोह का प्रमुख आकर्षण ज्ञान साझा सत्र रहा, जिसमें पूर्व सीएमडी एवं पूर्व निदेशकों ने अपनी दीर्घकालीन कार्यानुभव, नेतृत्व यात्रा और संस्थान से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। चर्चा में कंपनी की विकास यात्रा, कार्यक्षेत्र में आई चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। खुले संवाद सत्र के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों और मार्गदर्शन से लाभ उठाने का अवसर मिला।

13 पुरस्कारों से उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं का सम्मान
सायंकाल वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में विभिन्न क्षेत्रों, विभागों एवं अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और विशेष योगदान के लिए 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें स्वच्छता पखवाड़ा-2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता एवं विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे। सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।