जनदर्शन में मिली शिकायत पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, ढाबा संचालक से 40 पाव देशी मदिरा जब्त

नवंबर में अवैध शराब के 134 प्रकरण दर्ज, 21 आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

कोरबा। कलेक्टर के जनदर्शन में प्राप्त शिकायत पर आबकारी विभाग ने कुसमुंडा क्षेत्र स्थित बबली होटल/ढाबा में कार्रवाई करते हुए 40 पाव देशी शराब जब्त की है। ढाबा संचालक पदुमदास के कब्जे से 7.2 लीटर देशी प्लेन मदिरा बरामद होने पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग की यह कार्रवाई 26 नवंबर को सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी जया मेहर के नेतृत्व में की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
नवंबर में 134 प्रकरण दर्ज

आबकारी विभाग के अनुसार नवंबर माह में अब तक जिले में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ मदिरा और 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 1 लाख 19 हजार 748 रुपये बताया गया है।

इस अवधि में अवैध शराब से जुड़े कुल 134 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। गैरजमानती अपराधों में 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव ने बताया कि अवैध शराब से संबंधित शिकायतों पर नियमित कार्रवाई की जा रही है। सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने वृत्त क्षेत्र में अवैध मदिरा बिक्री और अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों के विरुद्ध सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।