कोरबा। कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत कोयला श्रमिकों के वेतन, भत्तों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेने वाली द्विपक्षीय समिति जेबीसीसीआई-12 के गठन में हो रही देरी को लेकर श्रमिक संगठनों में नाराजगी बढ़ने लगी है। अखिल भारतीय कोयला श्रमिक महासंघ ने कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष- सह- प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर समिति गठन की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है।
महासंघ के अतिरिक्त महासचिव वीएम मनोहर ने पत्र में आरोप लगाया है कि जेबीसीसीआई-12 के गठन को लेकर प्रबंधन की ओर से उदासीनता बरती जा रही है, जिसके चलते प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबित है। उन्होंने कहा कि कोयला श्रमिकों के वेतन समझौते सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लेने की जिम्मेदारी इसी संयुक्त द्विपक्षीय समिति की है, लेकिन अब तक इसके गठन की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई है।
पत्र में कहा गया है कि कोयला श्रमिक देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद श्रमिकों से जुड़े अहम मुद्दों पर प्रबंधन की गंभीरता नजर नहीं आ रही है। महासंघ ने समिति गठन में देरी पर चिंता जताते हुए शीघ्र प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
श्रमिक नेताओं का कहना है कि वेतन समझौते की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब श्रमिकों के हितों को प्रभावित करता है।
ऐसे में जेबीसीसीआई-12 का गठन जल्द किया जाना जरूरी है,ताकि श्रमिकों से जुड़े लंबित विषयों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
