जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,9 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी,तीन एसडीएम और 6 तहसीलदार बदले

कोरबा। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने तीन अनुविभागों में एसडीएम तथा छह तहसीलों में तहसीलदारों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना के ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। तहसीलदारों की पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

तीन अनुभागों में नए एसडीएम
जारी आदेश के अनुसार ओंकार यादव को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी कोरबा, तुलाराम भारद्वाज को पाली तथा सुश्री रेणुका रात्रे को पोड़ी-उपरोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, संयुक्त कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे को पोड़ी-उपरोड़ा से जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ किया गया है।

प्रवर श्रेणी अधिकारी ओंकार यादव एवं संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज इससे पहले जिला कार्यालय कोरबा में पदस्थ थे। वहीं, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे जिला कार्यालय कोरबा से पोड़ी-उपरोड़ा भेजी गई हैं।

छह तहसीलों में भी बदले तहसीलदार
तहसीलदारों की पदस्थापना में दीपका के तहसीलदार अभिजीत राजभानू को हरदीबाजार, पसान तहसील कार्यालय में पदस्थ विरेंद्र कुमार श्याम को पाली, अजगरबहार के तहसीलदार रविशंकर राठौर को दीपका तथा पोड़ी-उपरोड़ा के तहसीलदार विनय देवांगन को पसान तहसील में पदस्थ किया गया है।

इसी तरह स्थानांतरण के बाद जिले में उपस्थित तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज को पोड़ी-उपरोड़ा तथा श्रीमती सिद्धि गबेल को अजगरबहार तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेशों के तहत संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना के अनुसार दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।