युवा प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य स्तर तक पहुंचने का मंच,जिला युवा उत्सव आज

0 सांस्कृतिक विधाओं के साथ ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ भी होगा शामिल

कोरबा। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन 19 नवंबर को प्रातः 11 बजे से पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, आईटीआई कोरबा में किया जाएगा। उत्सव के माध्यम से युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

जिला स्तरीय युवा उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के साथ-साथ ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रैक’ का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ आपसी संवाद, सहयोग और सांस्कृतिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना है।

प्रतियोगिता में जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

आयोजन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रातः 10.30 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।