जिला पंचायत विकास निधि की कार्ययोजना को मिली मंजूरी

सामान्य सभा में खराब सड़कों की मरम्मत और कैम्पा के कार्यों की समीक्षा, धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

कोरबा।जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत विकास निधि की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की मरम्मत, वन विभाग के कैम्पा मद से संचालित कार्यों तथा आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।

जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन उपस्थित रहे। इस दौरान वन मंडल कोरबा एवं कटघोरा के विभागीय कार्यों के साथ कैम्पा मद से स्वीकृत और संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा लोक निर्माण, सहकारिता, अंत्यावसायी एवं रेशम विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षा ऋतु के बाद कई ग्रामीण मार्गों की स्थिति खराब हो गई है, जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सुधार कराने की आवश्यकता जताई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को सड़कों की स्थिति का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी धान खरीदी को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शासन के निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों में संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों की प्रगति और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी,श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर,श्रीमती सुषमा रवि रजक,विनोद कुमार यादव,श्रीमती माया रूपेश कंवर,कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।