कोरबा। अग्रवाल सभा कोरबा के तत्वावधान में रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर टीपी नगर स्थित गोयल स्टेशनरी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। महिलाओं और बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
ट्रांसपोर्ट नगर से अग्रसेन गर्ल्स कॉलेज तक 10 से अधिक स्थानों पर अग्रवाल समाज सहित विभिन्न संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत कर श्रद्धा और उत्साह प्रकट किया।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा
शाम 4 बजे ढोल-नगाड़ों की गूंज और धार्मिक गीतों के बीच शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। महाराजा अग्रसेन के जयघोष के साथ आगे बढ़ती यात्रा में अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मान्यताओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। हाथों में ध्वज लिए समाजजन पूरे उत्साह के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह हुए स्वागत से शोभायात्रा का उत्साह और बढ़ गया। शारदीय नवरात्र के उल्लासमय वातावरण में निकली यात्रा ने शहर में उत्सव का माहौल बना दिया।
अग्रसेन कॉलेज परिसर में हुआ मुख्य समारोह
शोभायात्रा अग्रसेन गर्ल्स कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। यहां जयंती का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कॉलेज परिसर में आनंद मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें चौपाटी, गेम जोन और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मेले में समाज के लोगों ने परिवार सहित सहभागिता की। महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। मुख्य समारोह में इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में मनोज अग्रवाल, सीता इस्पात एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर एवं हाईटेक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, भिलाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके हाथों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, सचिव शिवकुमार अग्रवाल, आशीष गोयल, महावीर केडिया, संजय अग्रवाल, पवन अग्रवाल, राजकुमार मोदी सहित अग्रवाल समाज के अनेक सदस्य, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक परंपराओं और महाराजा अग्रसेन के प्रति श्रद्धा का भाव दिखाई दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















