सफाई मित्रों का सम्मान: महापौर बोलीं- इनके समर्पण से ही स्वच्छ कोरबा का संकल्प साकार

सफाई व्यवस्था की असली ताकत हैं सफाई मित्र, सुरक्षा-सुविधा और सम्मान के लिए निगम प्रतिबद्ध

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत शामिल हुईं। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के प्रति आभार जताते हुए उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव की सराहना की।

महापौर ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक ताकत हैं। उनकी मेहनत और निष्ठा से ही कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प पूरा हो रहा है। सफाई मित्रों का काम केवल कचरा और गंदगी साफ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शहरवासियों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

सुरक्षा और कल्याण निगम की प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और कल्याण सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि निगम परिवार के इन महत्वपूर्ण सदस्यों को बेहतर कार्य परिस्थितियां, आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सफाई मित्रों के योगदान को नमन करते हुए महापौर ने कहा कि उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि अपनी रोजमर्रा की आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं तथा सफाई मित्रों के कार्यों का सम्मान करें।

‘जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ कोरबा’
महापौर ने कहा कि स्वच्छ कोरबा का निर्माण जनभागीदारी और सफाई मित्रों के समर्पण से ही संभव है। सफाई मित्रों का सम्मान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके श्रम और सेवा भावना के प्रति नगर निगम की कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, “सफाई मित्रों का सम्मान, स्वच्छ कोरबा की पहचान है। उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के लिए नगर निगम सदैव प्रतिबद्ध है।”