नीली रोशनी, छतरियों और आकर्षक कलाकृतियों से सजेगा पंडाल; 9 दिनों तक स्वप्न नगरी में गूंजेगा गरबा रास
कोरबा। अपनी अनूठी थीम, भव्य सजावट और रचनात्मक प्रयोगों के लिए पहचान बना चुकी शिवाजी नगर गरबा डांडिया एवं दशहरा उत्सव समिति इस बार फिर कुछ नया करने की तैयारी में है। गरबा उत्सव के लिए पंडाल का निर्माण इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस बार समिति ने ‘अमृत कलश और स्वप्न नगरी’ की थीम तैयार की है, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
अमृत कलश के द्वार से 50 फीट की जादुई गली तक
समिति इस बार पूरे पंडाल को विशाल अमृत कलश का स्वरूप दे रही है। दर्शकों और श्रद्धालुओं को इसी कलश के आकर्षक प्रवेश द्वार से पंडाल में प्रवेश कराया जाएगा। प्रवेश के बाद करीब 50 फीट लंबी अलौकिक गली से गुजरते हुए वे स्वप्न नगरी तक पहुंचेंगे।
पंडाल के भीतर नीली रोशनी, रंग-बिरंगी छतरियों और आकर्षक कलाकृतियों के जरिए ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों को एक अलग ही दुनिया का अनुभव हो सके।
9 दिन तक गरबा और माता की आराधना
स्वप्न नगरी की थीम पर तैयार इस परिसर में नवरात्रि के दौरान 9 दिनों तक गरबा रास का आयोजन होगा। भक्ति और उत्साह के बीच श्रद्धालु माता रानी की आराधना करेंगे और गरबा-डांडिया का आनंद लेंगे। समिति का दावा है कि इस बार की सजावट बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी।
पिछले साल बांस की टोकरियों से बनाया था अनोखा पंडाल
समिति ने वर्ष 2025 में भी बांस की पारंपरिक टोकरियों का रचनात्मक इस्तेमाल कर अनोखा पंडाल तैयार किया था।
इसकी सजावट को स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी पसंद किया था। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस बार ‘अमृत कलश और स्वप्न नगरी’ थीम को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है।
दिन-रात तैयारियों में जुटी समिति
पंडाल और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए समिति के पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं।
संयोजक सुधाकर वानखेडे और विनोद नायर, अध्यक्ष वैभव शर्मा, उपाध्यक्ष अनुज जायसवाल, सचिव नागेंद्र श्रीवास, कोषाध्यक्ष रामकुमार राठौर सहित राजेश देवड़ा, इरफान खान, आयुष अग्रवाल, विजय वानखेडे, नरेश श्रीवास, गणपति झरबड़े, पुष्पेंद्र जायसवाल, प्रताप सिंह, विमल साहू, प्रभात साहू, निखिल ठाकुर, विनोद राठौर, विजेंद्र यादव, नरेंद्र जायसवाल सहित समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।
समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष की ‘अमृत कलश और स्वप्न नगरी’ थीम जिलेवासियों के लिए नवरात्रि के दौरान आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















