जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा के सिर पर टांगिया से किया वार, मौत

कोरबा-पसान। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भतीजे ने टांगिया से चाचा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बबन राम यादव (85) निवासी सीपतपारा, पिपरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे जमीन के बंटवारे को लेकर उनका भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23) से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सोनू ने कथित रूप से टांगिया से बबन राम के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को हुई। इसके बाद पसान थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी में संपत्ति और जमीन का विवाद हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।