पीएम आवास ने बदली गुंजा की जिंदगी, पक्के घर में मिला सुकून

कोरबा। काशीनगर निवासी गुंजा साहू के लिए पक्का मकान कभी सपना था। कच्ची दीवारें, बरसात में टपकती छत, सीलन और सांप-बिच्छुओं का डर परिवार की रोजमर्रा की चिंता थी। सीमित आमदनी के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं हो पा रहा था। पीएम आवास शहरी 2.0 योजना ने परिवार के इस सपने को हकीकत में बदल दिया।

गुंजा साहू के पति सोनू राम साहू ठेका कर्मी हैं। परिवार की सीमित आय में रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना ही प्राथमिकता थी। योजना के तहत आवास निर्माण के लिए उन्हें तीन किश्तों में करीब 2.50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिली। शासन की सहायता और परिवार की बचत से पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ।

गुंजा बताती हैं कि पहले बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था और दीवारों व फर्श में सीलन रहती थी। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी। अब पक्के मकान में बारिश के दौरान न पानी टपकने की चिंता है और न ही जहरीले जीव-जंतुओं का डर।

उन्होंने कहा कि पक्का मकान उनके लिए सिर्फ ईंट-सीमेंट से बना घर नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और सुकून का आशियाना है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शासन के प्रति आभार जताया।

पीएम आवास शहरी 2.0 के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिल रहा है। गुंजा साहू का परिवार इस बदलाव की एक मिसाल है।