नीट में सफलता: आकांक्षा का एमबीबीएस में चयन

कोरबा। ग्रामीण अंचल हरदीबाजार स्थित आर्यन पब्लिक स्कूल की छात्रा आकांक्षा ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। उसका चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव में हुआ है। आकांक्षा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार आकांक्षा शुरू से ही मेधावी, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही है। उसने एमबीबीएस में प्रवेश को अपना लक्ष्य बनाकर नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत की। शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अपने दृढ़ प्रयासों के बल पर उसने नीट परीक्षा में सफलता अर्जित की।

संस्था के संचालक एवं भाजपा जिला मंत्री अजय कुमार दुबे ने कहा कि आकांक्षा की सफलता उसके परिश्रम और विद्यालय के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य मंजू अजय दुबे, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आर्यन परिवार ने भी आकांक्षा को शुभकामनाएं दीं।

आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा माता-पिता के आशीर्वाद, सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है।