5 एकड़ में तैयार होगा फलोद्यान, लगाए गए मिश्रित फलदार पौधे

वीबी रामजी योजना के तहत कापूबहरा गौठान में पौधरोपण, ग्रामीणों की आय बढ़ाने की पहल

कोरबा। ग्राम कापूबहरा स्थित गौठान एवं चारागाह परिसर की करीब 5 एकड़ रिक्त भूमि अब फलोद्यान के रूप में विकसित की जाएगी। वीबी रामजी योजना के तहत उद्यानिकी विभाग ने यहां मिश्रित फलदार पौधों का रोपण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर और ग्राम पंचायत सरपंच ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।

परिसर में ग्राफ्टेड आम, नींबू, अमरूद, करोंदा, कटहल, जामुन और काजू सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। पहल का उद्देश्य खाली पड़ी भूमि का उपयोग कर व्यवस्थित फलोद्यान तैयार करना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और ग्रामीणों के लिए आय के अतिरिक्त अवसर पैदा करना है।

पौधरोपण कार्यक्रम में मरार समाज के अध्यक्ष गंगा पटेल, उप संचालक कृषि देवेंद्र कंवर, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह, पीओ दिलीप मेहता, उद्यान अधीक्षक सर्वेश पटेल, प्रक्षेत्र सलाहकार अमित सोनी सहित ग्राम पंचायत की स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

ग्रामीणों और समूह की महिलाओं ने उत्साह के साथ पौधरोपण में भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि फलदार पौधों से विकसित होने वाला यह उद्यान पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी उपयोगी साबित होगा।