17 सितंबर से कोरबा में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

घंटाघर चौक पर 51 हजार दीयों से होगा शुभारंभ, जिलेभर में जलेंगे 5 लाख से अधिक दीप; 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने के लिए कोरबा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ की। उन्होंने अभियान को जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

घंटाघर में 51 हजार दीयों से होगा शुभारंभ
मंत्री देवांगन ने कहा कि एक माह चलने वाले अभियान में शासन, प्रशासन और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। कोरबा के घंटाघर चौक में मुख्य आयोजन के दौरान 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। वहीं पूरे जिले में 5 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। शासकीय कार्यालयों, योजनाओं के हितग्राहियों के घरों, प्रमुख चौक-चौराहों सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों से दीप प्रज्वलित करने की अपील की जाएगी।

बच्चे बताएंगे अपने सपनों का भारत
18 सितंबर से 3 अक्टूबर तक शासकीय और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। चार चरणों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विकसित भारत की कल्पना और प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को विषय बनाया जाएगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक से बताएंगे योजनाओं का असर
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। इनमें सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और सेवा कार्यों की जानकारी रोचक तरीके से दी जाएगी। वहीं ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी।

आंगन मिलन से लेकर सेवा ज्योति यात्रा तक
26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ के आयोजन होंगे। इसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राओं के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत किया जाएगा। 23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत नदी-घाटों की स्वच्छता समेत विभिन्न जनहितैषी गतिविधियां होंगी।

‘सरकार आपके द्वार’ पहुंचाएगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

अभियान में विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी गतिविधियां भी होंगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।