कोरबा पश्चिम समेत प्रदेशभर के विद्युत संयंत्रों में जोरदार प्रदर्शन, 5 अक्टूबर को रायपुर में महारैली का ऐलान
कोरबा। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों का आंदोलन तेज हो गया है। ‘विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन अधिकार मंच’ के बैनर तले शुक्रवार को कोरबा पश्चिम उत्पादन संयंत्र समेत प्रदेश के सभी आठ वितरण-पारेषण रीजन और तीनों उत्पादन संयंत्रों में कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘ओपीएस हमारा अधिकार है’ और ‘पुरानी पेंशन लागू करो’ जैसे नारों से संयंत्र परिसर गूंज उठा।
प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे अतिरिक्त मुख्य अभियंता (टीएंडएसएस) एम.के. गुप्ता को कंपनी अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान 500 से अधिक कर्मचारी मौजूद रहे। के.एन.बी. राव, बसुदेव राम भगत, महेंद्र साहू, राम इकबाल सिंह, अनिल द्विवेदी, डॉ. श्वेतांबरी महंता, गायत्री महिलांगे, डॉ. रेणु कौशिक, अनिता सिंह और सुप्रिया रानी कर्ण सहित कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की।
5 अक्टूबर को रायपुर में महारैली
अधिकार मंच ने अब राज्य के सभी मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इसके बाद 5 अक्टूबर को रायपुर स्थित विद्युत कंपनी मुख्यालय में एक दिवसीय विशाल प्रदर्शन और आमसभा आयोजित की जाएगी। मंच ने संकेत दिया है कि इसके बाद आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
एक मंच पर आए विद्युत क्षेत्र के संगठन
ओपीएस की मांग को लेकर विद्युत क्षेत्र के विभिन्न कर्मचारी और अधिकारी संगठन एक साझा मंच पर आए हैं। इनमें अभियंता संघ, पत्रोपाधि अभियंता संघ, फेडरेशन-1, भारतीय मजदूर संघ, जनता यूनियन, अधिकारी-कर्मचारी आरक्षित वर्ग संघ, फेडरेशन-56, ऑफिसर एसोसिएशन, तकनीकी कर्मचारी एकता यूनियन, डॉक्टर एसोसिएशन, तकनीकी कर्मचारी संघ और कार्यालयीन कर्मचारी संघ शामिल हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















