अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, 10 दिन में 61 केस

178.870 लीटर महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त, 11 आरोपी जेल भेजे गए

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 1 से 10 सितंबर 2026 के बीच 10 दिनों में 61 प्रकरण दर्ज कर टीम ने 178.870 लीटर अवैध महुआ शराब और 325 किलो लाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। इनमें 11 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अजमानतीय प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया।

कई इलाकों में एक साथ दबिश
सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। नगोई, लाफा और अंडीकछार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी की टीम ने दबिश देकर संतराम, शिवशंकर गोस्वामी, संतोष गोस्वामी, मनोहर अगरिया और रामू जांगड़े के कब्जे से कुल 82.9 लीटर महुआ शराब और 285 किलो लाहन बरामद किया। सभी आरोपियों को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

छद्म ग्राहक बनकर पहुंची टीम
सुतर्रा, मानपुर और कुदरीखार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर आबकारी टीम ने अलग रणनीति अपनाई। उपनिरीक्षक सुकांत पांडेय की टीम ने छद्म ग्राहक बनकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। कार्रवाई में कुल 44.700 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जुनवानी से कुसमुंडा तक कार्रवाई
बांधपारा-जुनवानी क्षेत्र में शशि प्रसाद और जयराम को क्रमश: 15.5 और 6.5 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं भैसमाखार और रलिया क्षेत्र में धनकुंवर तथा परदेशी राम के कब्जे से 15.5 और 8.5 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। सभी मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।

5 लीटर से अधिक पर गैर-जमानती अपराध
आबकारी विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में 5 लीटर से अधिक अवैध शराब का निर्माण, कब्जा, बिक्री या परिवहन अजमानतीय अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में 1 से 3 वर्ष तक की सजा और 25 हजार से 1 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। दोबारा दोषसिद्ध होने पर सजा 2 से 5 वर्ष और जुर्माना 50 हजार से 2 लाख रुपए तक हो सकता है।

आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।