पोड़़ीबहार मिडिल स्कूल में लगी ‘सभापति की पाठशाला’

सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता की परीक्षा में प्रतिभाशाली बच्चों ने दिखाया हुनर, चार विद्यार्थियों को शील्ड व प्रमाण-पत्र

कोरबा। शासकीय स्कूलों के बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘सभापति की पाठशाला’ मुहिम के तहत शासकीय माध्यमिक शाला पोड़ीबहार में विशेष कक्षा आयोजित की गई। नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बच्चों के बीच बैठकर सामान्य ज्ञान, मानसिक योग्यता और बौद्धिक क्षमता से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शासकीय स्कूलों में प्रत्येक शनिवार को एक्टिविटी डे के रूप में खेल, कला और सामान्य ज्ञान से जुड़ी गतिविधियां कराई जाती हैं। इसी क्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर के साथ पोड़ीबहार की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य चंद्रकली जायसवाल ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के सामान्य ज्ञान और मानव शरीर की संरचना से संबंधित जानकारी दी।

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभा को निखारना, उनमें नैतिक एवं सामान्य ज्ञान विकसित करना, परीक्षा के डर को दूर करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करना ‘सभापति की पाठशाला’ का उद्देश्य है। इसके तहत हर माह 2-3 शासकीय स्कूलों में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया जाता है। सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और मानसिक योग्यता से जुड़े प्रश्नों के आधार पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और शिक्षित नागरिकों को शासकीय स्कूलों से जोड़ने से स्कूलों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में भी मदद मिलती है। जनप्रतिनिधियों को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह भी बढ़ता है।

पोड़़ीबहार स्कूल में सर्वश्रेष्ठ सामान्य ज्ञान एवं बौद्धिक प्रदर्शन के लिए दामिनी सेन, स्मृति एलिना टोप्पो, आयुश खड़िया और वेदिका पटेल को सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं एमआईसी सदस्य चंद्रकली जायसवाल ने शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शिव कुमार जायसवाल, प्रधानपाठिका श्रीमती स्वर्ण संगिता कुजूर, शिक्षिका सुनीता नामदेव, कृष्णा साहू, सनप सिंह और समाजसेवी मनमोहन चंद्रा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।