त्योहारों से पहले जाम ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, पावर हाउस रोड पर व्यवस्था सुधारने की मांग

सुनालिया पुल पर रोजाना जाम से कारोबार प्रभावित, पार्किंग स्थल को शुरू कराने की मांग; सराफा संघ ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

कोरबा त्योहारी सीजन की दस्तक के साथ बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है, लेकिन शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्ग पावर हाउस रोड पर यातायात व्यवस्था व्यापारियों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। सोनालिया पुल और आसपास के क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम से जहां वाहन चालकों को परेशानी होती है, वहीं व्यापारियों को भी कारोबार प्रभावित होने की चिंता सता रही है। व्यापारियों ने त्योहारी भीड़ बढ़ने से पहले यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि पावर हाउस रोड पर सोनालिया पुल के आसपास जाम कोई नई समस्या नहीं है। सामान्य दिनों में भी यहां यातायात का दबाव बना रहता है और त्योहारों के दौरान स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और यातायात के बढ़ते दबाव के बीच व्यवस्थित प्रबंधन नहीं होने से कई बार वाहनों की कतार लग जाती है।

पार्किंग बनी, लेकिन उपयोग नहीं
व्यापारियों ने नगर निगम द्वारा तैयार किए गए पार्किंग स्थल को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पार्किंग स्थल का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसे प्रभावी ढंग से संचालित कराया जाए और लोगों को वहां वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित किया जाए। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर नियंत्रण के साथ पार्किंग स्थल को पूरी क्षमता से उपयोग में लाने की मांग की गई है।

अंडरग्राउंड पुल को लेकर भी सवाल
सोनालिया चौक पर प्रस्तावित अंडरग्राउंड पुल को लेकर भी स्थानीय लोगों और व्यापारियों में उत्सुकता है। उनका कहना है कि परियोजना की शुरुआत और उसकी समय-सीमा को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए। यातायात के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू करने की जरूरत है।

“समस्या नहीं सुधरी तो करेंगे बड़ा आंदोलन”
कोरबा सराफा संघ के अध्यक्ष राजू सोनी ने कहा कि त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में यदि मुख्य व्यापारिक मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रही तो इसका असर व्यापार और ग्राहकों की आवाजाही पर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि त्योहारों से पहले जाम की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम और प्रशासन की होगी।

व्यापारियों ने प्रशासन और नगर निगम से त्योहारी सीजन को देखते हुए पावर हाउस रोड की यातायात व्यवस्था की तत्काल समीक्षा, पार्किंग स्थल को व्यवस्थित रूप से संचालित कराने तथा सोनालिया पुल क्षेत्र में जाम के कारणों का स्थायी समाधान करने की मांग की है।