NEET-JEE की तैयारी के लिए ‘दिशा’ योजना शुरू, मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय कोचिंग

कक्षा 11वीं और ड्रॉपर विद्यार्थियों को मिलेगा आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ मार्गदर्शन; आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर

कोरबा। जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने जिला प्रशासन कोरबा ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के अंतर्गत ‘DISHA’ (DMFT Korba Initiative for Students’ Higher Education Achievement) योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को NEET एवं JEE की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और उन्हें उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के उद्बोधन में व्यक्त ‘दीर्घ संकल्प, उज्ज्वल भविष्य’ की संकल्पना के अनुरूप इस कोचिंग कार्यक्रम को तैयार किया गया है।

आवास, भोजन से लेकर डिजिटल सपोर्ट तक

‘दिशा’ योजना में कक्षा 11वीं तथा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर NEET/JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवास और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था रहेगी।

इसके अलावा अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी द्वारा नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री, नोट्स और टेस्ट सीरीज उपलब्ध कराई जाएगी। Wi-Fi, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, मॉक टेस्ट, नियमित मूल्यांकन और व्यक्तिगत काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत किया जाएगा।

75 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी पात्र

योजना के तहत कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। वहीं ड्रॉपर बैच के लिए 12वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। ड्रॉपर वे विद्यार्थी होंगे, जिन्होंने 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद NEET अथवा JEE की तैयारी के लिए एक वर्ष का ड्रॉप लिया है।

अभ्यर्थी का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना आवश्यक है। चयन पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।

10 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन के लिए संबंधित NEET अथवा JEE कोचिंग का ऑनलाइन फॉर्म निर्धारित माध्यम से भरना होगा। योजना के तहत कक्षाएं अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित है।

आवेदन एवं योजना से संबंधित जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) अथवा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय कोरबा से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि ‘दिशा’ योजना के माध्यम से जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को डॉक्टर और इंजीनियर बनने की दिशा में बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा तथा आर्थिक परिस्थितियां उनकी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में बाधा न बनें, इसके लिए निःशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।