पेयजल, सड़क, रोजगार और पट्टे से लेकर नाली-निकासी तक की समस्याएं; पुनर्वास समिति ने कुसमुंडा प्रबंधन को सौंपा मांगपत्र
कोरबा। पुनर्वास ग्राम वैशाली (बरपाली) में लंबे समय से बनी मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्राम विकास एवं पुनर्वास समिति ने एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक को मांगपत्र सौंपा है। समिति ने गांव में पेयजल, सड़क, जल निकासी, रोजगार और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।
समिति के संरक्षक केदारनाथ अग्रवाल, अध्यक्ष गजानन यादव एवं सचिव महेन्द्र पाल यादव ने प्रबंधन को सौंपे पत्र में कहा है कि पुनर्वास क्षेत्र के रहवासी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद कई मांगों का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। समिति ने कुल 19 बिंदुओं पर मांगें प्रबंधन के समक्ष रखी हैं।
पेयजल और रोजगार की समस्या दूर करने पर जोर
समिति ने बरपाली में गंभीर पेयजल समस्या का तत्काल समाधान करने तथा आवश्यकतानुसार बोरवेल की व्यवस्था कराने की मांग की है। स्थानीय बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। वहीं भू-विस्थापित परिवारों के आश्रितों को आउटसोर्सिंग एवं ठेका कंपनियों में रोजगार के दौरान प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
बारिश के दौरान जहरीले जीव-जंतुओं से सुरक्षा के लिए 20 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने, सामुदायिक भवन में अतिरिक्त शेड एवं शौचालय निर्माण तथा ग्राम तालाब के सौंदर्यीकरण की मांग भी की गई है।
पट्टा, मुआवजा और बसाहट का मुद्दा
समिति ने पुनर्वास क्षेत्र में आवंटित भूखंडों के पट्टे एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है। वर्ष 1987 में सर्वे किए गए कुछ भू-विस्थापित परिवारों को लंबित मुआवजा एवं बसाहट उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।
इसके अलावा आवंटित भूखंड पर लगे 11 केवी ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
सड़क, नाली और सामुदायिक सुविधाओं पर भी मांग
समिति ने मार्केट शेड पर अवैध कब्जा कर संचालित भैंस खटाल को हटाने, बसाहट का सीमांकन कर अवैध कब्जों पर रोक लगाने तथा माता कर्मा स्कूल को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी है।
देवस्थल परिसर स्थित अंबेडकर भवन को ग्रामवासियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने, क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का पुनर्निर्माण, राधा-कृष्ण मंदिर परिसर की बाउंड्रीवाल निर्माण, खेल मैदान का विकास, उद्यान एवं मंगल भवन की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत की मांग भी शामिल है।
इसके साथ ही नालियों की सफाई एवं समुचित जल निकासी व्यवस्था, गांव के प्रवेश द्वार का निर्माण तथा अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं के विकास की मांग की गई है।
समिति ने एसईसीएल प्रबंधन से सभी 19 मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर पुनर्वास ग्राम वैशाली के रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















