करोड़ों के डीएमएफ और विकास दावों के बीच राजाडाही की जमीनी हकीकत; 500 मीटर सीसी रोड के लिए वर्षों से ग्रामीण लगा रहे गुहार
कोरबा ।जिले में करोड़ों रुपये के डीएमएफ और विकास कार्यों के दावों के बीच वनांचल क्षेत्रों की बदहाल तस्वीर अब भी कई सवाल खड़े कर रही है। कोरबा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बरपाली के वनांचल ग्राम राजाडाही में सड़क के अभाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि आपात स्थिति में गर्भवती महिला को भी खाट पर लिटाकर ग्रामीणों के सहारे पगडंडी जैसे रास्ते से मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ रहा है।
सामने आई तस्वीर में ग्रामीण एक गर्भवती महिला को खाट के जरिए बेहद खराब और संकरे रास्ते से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य गांव में सड़क और आवागमन की समस्या की गंभीरता को बयां कर रहा है।
बारिश में रास्ता बन जाता है जानलेवा
जंगलों के बीच बसे राजाडाही में करीब 600 से अधिक लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र राजाडाही से बस्ती पारा तक जाने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल है। बारिश के दिनों में यही रास्ता कीचड़ और गड्ढों से भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
इसी मार्ग से स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों को रोजाना आवागमन करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को होती है। सड़क की स्थिति ऐसी है कि कई बार गांव तक वाहन पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में मरीजों को खाट पर लिटाकर मुख्य मार्ग तक ले जाना ही ग्रामीणों की मजबूरी बन जाती है।
500 मीटर सड़क के लिए वर्षों से मांग
ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र राजाडाही से बस्ती पारा तक करीब 500 मीटर सीसी रोड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। वर्तमान सरपंच और ग्रामीण कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रख चुके हैं। जनदर्शन और समाधान शिविर में भी आवेदन देकर समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि महज 500 मीटर सीसी सड़क बन जाने से बारिश के दौरान कीचड़ और गड्ढों से काफी हद तक राहत मिल सकती है। साथ ही स्कूली बच्चों, मरीजों और आम ग्रामीणों के लिए आवागमन सुगम हो जाएगा।
जनदर्शन में फिर उठाई सड़क की मांग
सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर जनदर्शन में कलेक्टर के समक्ष अपनी मांग रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से सड़क निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन हर बार आवेदन और आश्वासन के बाद मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है।
सवाल यह है कि राजाडाही की पगडंडी कब पक्की सड़क में बदलेगी और खाट पर मरीज ले जाने की मजबूरी से ग्रामीणों को कब निजात मिलेगी?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















