कोरबा। कोरबा जिले में वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। एतमानगर रेंज में पिछले तीन दिनों से विचरण कर रहा लोनर हाथी लगातार निगरानी दल को चकमा देकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहा है। रात के अंधेरे में बस्तियों में घुसकर हाथी ग्रामीणों के घरों को निशाना बना रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि लोनर हाथी ने बीती रात एतमानगर रेंज के ग्राम मड़ई और बंजारी में घुसकर दो ग्रामीणों के मकानों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने सबसे पहले रात करीब 1.30 बजे ग्राम मड़ई में हाईस्कूल के समीप सतपाल के मकान को निशाना बनाया। हाथी ने मकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे धान, चावल सहित अन्य अनाज को भी हाथी ने खा लिया।
हाथी के हमले के समय सतपाल और उसका परिवार घर में ताला लगाकर पहले ही सुरक्षित स्थान पर चला गया था। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए मुनादी भी कराई गई थी।
इसके बावजूद लोनर हाथी रात में बस्ती तक पहुंच गया।
मड़ई में मकान को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी तड़के करीब 4 बजे ग्राम बंजारी पहुंचा। यहां उसने अवधेश नामक ग्रामीण के घर को निशाना बनाकर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार बस्तियों में पहुंचकर मकान तोड़े जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल लोनर हाथी मड़ई जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
केंदई में 35 हाथियों की मौजूदगी
इधर कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में भी हाथियों की संख्या बढ़ गई है। पसान क्षेत्र से बीती रात 15 हाथियों का एक दल केंदई रेंज में पहुंचा है। जंगल में पहुंचने के बाद हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इससे पहले से ही कापानवापारा सर्किल में 18 हाथी सक्रिय बताए जा रहे हैं।
15 नए हाथियों के पहुंचने के बाद केंदई रेंज में सक्रिय हाथियों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। हाथियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग द्वारा निगरानी दल तैनात कर लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों को भी हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















