पेड़ से टकराते ही 407 में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

कटघोरा बाईपास पर हुकरा के पास हादसा, दमकल पहुंचने से पहले वाहन जलकर खाक

कोरबा। कटघोरा बाईपास मार्ग पर हुकरा के समीप सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 407 वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में तत्काल आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धूकर जलने लगा।

जानकारी के अनुसार 407 वाहन कटघोरा बाईपास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन तेज रफ्तार में पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर के बाद वाहन में आग लगते ही चालक ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।

समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल की टीम जब तक मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 407 वाहन बुरी तरह जल चुका था।

हादसे की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।