बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर भाजपा का जोर

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने ली जिला स्तरीय बैठक, शक्ति केंद्रों में सक्रियता और कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क बढ़ाने के निर्देश

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय भाजपा जिला कार्यालय, टीपी नगर में जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।

बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत
संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने पदाधिकारियों से शक्ति केंद्रों और बूथों तक नियमित संपर्क बनाए रखने, बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

आगामी गतिविधियों पर हुआ मंथन
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय तथा पार्टी की योजनाओं और गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रदेश संगठन महामंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

बैठक में संभाग प्रभारी रामू रोहरा, सह संभाग प्रभारी अभिषेक शुक्ला, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित भाजपा के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के संयोजक उपस्थित रहे।