कोरब।सिद्धिविनायक समूह कोरबा द्वारा रानी रोड स्थित चित्रा मल्टीप्लेक्स में इस वर्ष आठवें वर्ष गणपति उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 14 सितंबर से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष वैभव शर्मा ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे और शाम 7 बजे भगवान गणपति की आरती की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के साथ बच्चों और समिति परिवार की भी विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता रहेगी।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की होगी सहभागिता
गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग दिनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बुधवार को बच्चों द्वारा हनुमान चालीसा एवं आरती की जाएगी। गुरुवार को अनाथ आश्रम के बुजुर्गों की सहभागिता रहेगी, जबकि शुक्रवार को समिति परिवार द्वारा पूजा-अर्चना में भाग लिया जाएगा।
19 सितंबर को स्वच्छता विषय पर वीडियो प्रस्तुति, 20 सितंबर को धूप-दीप आरती तथा 21 सितंबर को महाकाल गौरी-शंकर की विशेष आरती आयोजित होगी।
56 भोग और भजन उत्सव रहेगा आकर्षण
22 सितंबर को श्याम भजन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 23 सितंबर को भगवान गणपति को 56 भोग अर्पित कर विशेष आरती होगी। 24 सितंबर को फूल-गुलाल आरती का आयोजन होगा। इसके बाद 25 सितंबर को विधि-विधान से हवन संपन्न कराया जाएगा।
गणेशोत्सव के अंतिम चरण में रविवार 27 सितंबर को भगवान गणपति की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ उत्सव का समापन होगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से गणेशोत्सव के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















