खाद-कीटनाशक दुकानों पर कृषि विभाग का शिकंजा, कई विक्रेताओं को नोटिस

कटघोरा-पोड़ी उपरोड़ा में औचक निरीक्षण; महेश राम कृषि केंद्र में कीटनाशक बिक्री पर तत्काल रोक, दो दिन में सुधार नहीं तो लाइसेंस होगा निरस्त

कोरबा। किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक एवं कीटनाशक दवाएं उपलब्ध कराने और कृषि आदानों की बिक्री में अनियमितता, कालाबाजारी तथा ओवर-रेटिंग पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने कटघोरा एवं पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान स्टॉक से लेकर मूल्य सूची, विक्रय अभिलेख, लाइसेंस और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। कमियां मिलने पर कई विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि एक प्रतिष्ठान में कीटनाशक बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाया गया।

स्टॉक और दस्तावेजों की हुई बारीकी से जांच
निरीक्षण दल ने दुकानों में उपलब्ध उर्वरक एवं कीटनाशकों के स्टॉक का सत्यापन करने के साथ मूल्य सूची, विक्रय अभिलेख, वैध लाइसेंस एवं भंडारण व्यवस्था की पड़ताल की। जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसानों को कृषि आदान निर्धारित नियमों एवं दरों के अनुरूप उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सर्वमंगला खाद भंडार, बाकी मोगरा में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।

इसी प्रकार सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार एवं अंसारी कृषि केंद्र, कसनियां (पोड़ी उपरोड़ा) में भी निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

दो कार्यदिवस की मोहलत, नहीं सुधरी व्यवस्था तो लाइसेंस निरस्त
विभाग ने सोनी कृषि केंद्र, शिव बीज भंडार एवं अंसारी कृषि केंद्र के संचालकों को निरीक्षण में पाई गई कमियों को दो कार्यदिवस के भीतर दूर करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयावधि में कमियों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित विक्रेताओं के विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

महेश राम कृषि केंद्र में कीटनाशक बिक्री पर रोक
महेश राम कृषि केंद्र, रंजना में निरीक्षण के दौरान पाई गई खामियों को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने उक्त प्रतिष्ठान से कीटनाशकों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।

वहीं निरीक्षण अभियान के तहत राजू कृषि केंद्र, रंजना में भी उर्वरक एवं कीटनाशकों के स्टॉक तथा संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई।

किसानों के हित से खिलवाड़ पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कालाबाजारी, ओवर-रेटिंग, अनियमित बिक्री और अमानक कृषि आदानों के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में औचक निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कृषि विभाग ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक एवं विक्रय अभिलेख संधारित करने, निर्धारित मूल्य पर ही सामग्री का विक्रय करने तथा किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि किसानों के हितों की अनदेखी करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।