बिलासपुर-कोरबा दोपहर ट्रेन, कोरबा-रायगढ़ नियमित सेवा और बिलासपुर में समाप्त होने वाली ट्रेनों के कोरबा तक विस्तार का प्रस्ताव
कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। सांसद ने कोरबा से बिलासपुर, रायगढ़ सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग करते हुए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की तकनीकी एवं परिचालनिक व्यवहार्यता का तत्काल परीक्षण कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में कहा है कि कोरबा देश के प्रमुख ऊर्जा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और रेलवे को यहां से महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद कोरबा के यात्रियों के लिए बिलासपुर, रायगढ़ और अन्य प्रमुख शहरों की ओर पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। खासकर दोपहर के समय बिलासपुर से कोरबा आने के लिए नियमित यात्री ट्रेन नहीं होने से विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भोपाल पैसेंजर के समय में बदलाव का सुझाव
सांसद ज्योत्सना महंत ने रेलवे के समक्ष उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग का व्यावहारिक सुझाव भी रखा है। उन्होंने कहा कि भोपाल पैसेंजर बिलासपुर में लंबे समय तक खड़ी रहती है। इसके परिचालन समय में आवश्यक समायोजन करते हुए इसे दोपहर करीब 2 बजे बिलासपुर से कोरबा तक चलाने की संभावना का परीक्षण किया जा सकता है।
इसी तरह बिलासपुर-नर्मदा एक्सप्रेस के बिलासपुर में लंबे समय तक खड़े रहने की अवधि का उपयोग करते हुए इसे प्रतिदिन सुबह करीब 9 बजे कोरबा से संचालित करने की संभावना पर विचार करने की मांग की गई है।
कोरबा-रायगढ़ के बीच नियमित ट्रेन की मांग
सांसद ने कोरबा-रायगढ़ के बीच नियमित यात्री ट्रेन शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। उन्होंने सुझाव दिया है कि सुबह करीब 8.30 बजे कोरबा से रायगढ़ तथा शाम करीब 7 बजे रायगढ़ से कोरबा के लिए ट्रेन चलाई जा सकती है।
इससे कोरबा के साथ बालपुर, सरगांव, सक्ती, खरसिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। नियमित ट्रेन शुरू होने से नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
बिलासपुर में समाप्त होने वाली ट्रेनों का कोरबा तक हो विस्तार
सांसद ने बिलासपुर में समाप्त होने वाली ट्रेनों का भी कोरबा तक विस्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर में ही समाप्त हो जाता है। ऐसी उपयुक्त ट्रेनों की पहचान कर उनके कोरबा तक विस्तार की संभावनाओं का परीक्षण किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर कोरबा से विशेष एवं अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन की योजना तैयार करने की मांग भी की गई है।
रेल सुविधा का सीधा संबंध कोरबा के विकास से
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा की रेल यात्री सुविधाओं का मुद्दा केवल आवागमन तक सीमित नहीं है।
इसका सीधा संबंध औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शिक्षा, व्यापार और आम नागरिकों के दैनिक जीवन से है।
उन्होंने कहा कि कोरबा देश की ऊर्जा एवं कोयला जरूरतों में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में यहां के नागरिकों को बेहतर रेल यात्री सुविधाएं मिलना उनका जायज अधिकार है। सांसद ने रेलवे महाप्रबंधक से सभी प्रस्तावों का तत्काल तकनीकी एवं परिचालनिक परीक्षण कर स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा उस पर कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कार्ययोजना की प्रगति से अपने कार्यालय के साथ-साथ कोरबा की जनता को भी अवगत कराने की अपेक्षा जताई है। सांसद ने स्पष्ट किया कि कोरबा की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को अब केवल आश्वासन तक सीमित रखने के बजाय समयबद्ध और परिणाममूलक कार्रवाई की आवश्यकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















