कोरबा से पंतोरा तक ई-सिटी बस चलाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा पत्र

भिलाईबाजार होते हुए प्रस्तावित मार्ग पर रोजाना तीन फेरे की मांग

15 से 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ, कोविड के बाद बंद बस सेवा फिर शुरू कराने की पहल

कोरबा। कोरबा शहर से पंतोरा तक प्रधानमंत्री ई-सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर कोरबा से भिलाईबाजार होते हुए पंतोरा तक नियमित ई-सिटी बस चलाने की मांग की है। उन्होंने जनहित को देखते हुए इस मार्ग पर प्रतिदिन कम से कम तीन फेरे संचालित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित मार्ग से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का कोरबा शहर तक आवागमन होता है। इस मार्ग में करीब 15 से 20 ग्राम पंचायतें जुड़ी हुई हैं।

विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मजदूरों, व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए सार्वजनिक परिवहन का नियमित साधन उपलब्ध नहीं होने से उन्हें आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कोविड के बाद बंद हो गई थी बस सेवा

समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर को दिए पत्र में बताया है कि पूर्व में इस मार्ग पर बस सेवा संचालित होती थी, लेकिन कोविड काल के बाद यह सेवा बंद हो गई। इसके कारण क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वर्तमान में ग्रामीणों को निजी वाहनों अथवा अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग पर प्रधानमंत्री ई-सिटी बस सेवा शुरू कराने के संबंध में पूर्व में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल द्वारा भी जिला कलेक्टर को आवेदन दिया गया था।

तीन फेरे संचालित करने की मांग

प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि कोरबा शहर से भिलाईबाजार होते हुए पंतोरा तक प्रधानमंत्री ई-सिटी बस के प्रतिदिन तीन-तीन फेरे निर्धारित किए जाएं।

उनका कहना है कि नियमित बस सेवा शुरू होने से इस मार्ग से जुड़े ग्रामीणों, विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सकेगा।