कोरबा। शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग के पास आवासीय क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर बीती रात स्ट्रीट लाइट का पोल अचानक धराशायी हो गया। बारिश और तेज हवा के बीच पेड़ की भारी टहनी टूटकर पोल पर गिरने से यह हादसा होने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।
सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर गिरे स्ट्रीट लाइट पोल और उसके समीप पड़ी पेड़ की टूटी हुई भारी टहनी देखी। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर स्ट्रीट लाइट पोल पर जा गिरी। टहनी का दबाव पड़ने से पोल क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गया।
पिछले वर्ष लगी थी प्रकाश व्यवस्था
नगर पालिक निगम द्वारा पिछले वर्ष रेलवे क्रॉसिंग से बायपास रोड कनेक्टिविटी तक रात के समय प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट पोल लगाए गए थे। इसी श्रृंखला का एक पोल अब हादसे में क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर आ गिरा है। पोल गिरने से संबंधित मार्ग पर रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था भी प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद राहत जताई कि पोल गिरने के समय वहां कोई राहगीर या वाहन नहीं था। उनका कहना है कि व्यस्त मार्ग पर यदि यह हादसा दिन या आवागमन के समय होता तो इसकी चपेट में लोग आ सकते थे।
पोल हटाने में देरी पर चोरी का खतरा
घटना की जानकारी स्थानीय पार्षद को दी गई है। पार्षद ने नगर निगम को अवगत कराते हुए सड़क पर पड़े क्षतिग्रस्त पोल को जल्द हटाने तथा प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त पोल को लंबे समय तक सड़क किनारे पड़े रहने पर चोरी की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि शहर में स्ट्रीट लाइट के पोल और अन्य लोहे की सामग्री पर कबाड़ चोरों की नजर रहती है। ऐसे में निगम को क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए, ताकि सरकारी संपत्ति सुरक्षित रहे और मार्ग पर आवागमन भी सुचारू बना रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















