रामपुर क्षेत्र में इलेक्ट्रिक सिटी बस चलाने की मांग, विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र

नकटीखार-गोढ़ी-तुमान-लबेद और कोरबा-उरगा-हाटी मार्ग पर बस सेवा शुरू करने की मांग

ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मजदूरों को मिलेगी सुरक्षित व सस्ती परिवहन सुविधा

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग को लेकर विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को पत्र लिखा है। विधायक ने क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों पर नियमित इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा प्रारंभ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया है कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नकटिखार, गोढ़ी, बेंदरकोना, करमंदी, भैसमा, तिलकेजा, तुमान, लवेद सहित विभिन्न गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, किसान, दैनिक मजदूर और कर्मचारी आवागमन करते हैं। पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इन दो मार्गों पर बस चलाने का प्रस्ताव

विधायक ने पत्र के माध्यम से मुख्य रूप से दो मार्गों पर नियमित इलेक्ट्रिक सिटी बस संचालन शुरू करने की मांग की है।

पहलामार्ग : नकटीखार-गोढ़ी-बेंदरकोना-करमंदी-भैसमा- तिलकेजा-तुमान-लबेद

दूसरा मार्ग : कोरबा-उरगा-भैसमा-करतला-कुदमुरा-हाटी

विधायक का कहना है कि इन मार्गों पर नियमित सिटी बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन का साधन उपलब्ध होगा।

ग्रामीण परिवहन व्यवस्था होगी मजबूत

पत्र में विधायक ने जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्गों पर यथाशीघ्र इलेक्ट्रिक सिटी बस का परिचालन प्रारंभ कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी परिवहन व्यवस्था से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों, कामगारों और आम नागरिकों की आवागमन संबंधी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।

विधायक की इस मांग के बाद अब संबंधित विभाग द्वारा इन मार्गों पर बस संचालन की संभावनाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर है।