अपार्टमेंट के पास भ्रूण मिलने से हड़कंप,पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा।बालको थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह श्री अपार्टमेंट के समीप मृत भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। भदरा पारा मुख्य मार्ग पर अपार्टमेंट के पास भ्रूण पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों की नजर अपार्टमेंट के समीप पड़े भ्रूण पर पड़ी। देखते ही देखते इसकी जानकारी आसपास के क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक तौर पर भ्रूण मृत अवस्था में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भ्रूण को वहां लाकर छोड़ा होगा। हालांकि, इसके पीछे की वास्तविक वजह और भ्रूण वहां तक कैसे पहुंचा, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद बालको पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भ्रूण को वहां कौन छोड़कर गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है।