बारिश का कहर: कई इलाके लबालब, घरों में घुसा पानी

जलभराव से जनजीवन प्रभावित, जेसीबी से कराई गई निकासी; बांगो बांध का जलस्तर 5 सेंटीमीटर घटा

कोरबा। सावन की विदाई से पहले सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने कोरबा शहर में जमकर कहर बरपाया। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। सड़कों पर पानी भरने के साथ कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण घरेलू सामान के नुकसान की भी जानकारी सामने आई है।

स्थिति की सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला सक्रिय हुआ। प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी की मदद से जल निकासी के रास्ते बनाए गए और पानी की निकासी कराई गई। महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम के सभी सात जोन के जोन कमिश्नर अपने-अपने अमले के साथ बारिश के बीच फील्ड में डटे रहे।

निचली बस्तियों में घरों तक पहुंचा पानी
सोमवार की बारिश का सबसे ज्यादा असर कोसाबाड़ी जोन के शांतिनगर, पोड़ीबहार के राठौर मोहल्ला, जिला अस्पताल के सामने सहित अन्य निचले इलाकों में देखने को मिला। यहां सड़कों पर पानी भरने के साथ कई मकानों में भी पानी प्रवेश कर गया। अचानक घरों में पानी पहुंचने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

नगर निगम की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था की। जहां पानी के बहाव में बाधा थी, वहां जेसीबी से रास्ता खोलकर पानी को आगे निकाला गया।

सड़कें बनीं तालाब, आवाजाही प्रभावित
आरएसएस नगर के मुख्य मार्ग पर भारी बारिश के बाद नदी और तालाब जैसा नजारा देखने को मिला। एसईसीएल कालीबाड़ी से मुड़ापार की ओर जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया। घंटाघर मोड़ और नेताजी चौक के आगे के रास्तों पर जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा।


चिमनीभट्ठा, अमरैय्या, इमलीडुग्गू, कलमीडुग्गू और नदी पार के कई हिस्सों में भी पानी लबालब भर गया। कुछ स्थानों पर बारिश का पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया। लगातार बारिश से पहले से ही संवेदनशील निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई।

बांगो बांध में 5 सेंटीमीटर की गिरावट
इधर 24 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच हसदेव-बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के कारण जलस्तर में 5 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई।

कार्यपालन अभियंता एसके भारती के अनुसार बांध के जलभराव को नियंत्रित करने के लिए जलद्वारों की कुल ओपनिंग 2 मीटर से घटाकर 1.50 मीटर कर दी गई। वर्तमान में अतिरिक्त पानी तीन रेडियल गेटों और पावर हाउस के माध्यम से छोड़ा जा रहा है।

वर्तमान में बांध का जलस्तर 358.33 मीटर है। पानी का इनफ्लो 7,930 क्यूसेक, जबकि रेडियल गेटों से आउटफ्लो 8,755 क्यूसेक और पावर हाउस से 9,000 क्यूसेक है।

इस तरह कुल आउटफ्लो 17,755 क्यूसेक दर्ज किया गया।

भारी बारिश के अलर्ट से बढ़ी चिंता
लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कोरबा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, पहले भी हसदेव-बांगो बांध और दर्री बराज के कई गेट खोलने की स्थिति बन चुकी है।

बारिश के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलभराव ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था और निचले इलाकों में स्थायी समाधान की जरूरत को सामने ला दिया है।