पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में बारिश बनी आफत, बिल्डिंग में घुसा पानी

सड़क बनी दरिया, घुटनों तक भरा पानी; तेज बहाव में फंसा मालवाहक, ऊपरी मंजिल पर पहुंचे लोग

कोरबा। सोमवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के निचले इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से पोड़ीबहार जाने वाला मार्ग देखते ही देखते जलमग्न हो गया। सड़क पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। तेज बहाव के बीच एक मालवाहक वाहन भी पानी में फंस गया।

बारिश का पानी सड़क से आसपास के रहवासी क्षेत्र में भी पहुंच गया। मार्ग के समीप स्थित एक बिल्डिंग के निचले हिस्से में पानी भरने से वहां रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। पानी बढ़ता देख लोगों ने एहतियात के तौर पर ऊपरी मंजिल पर शरण ली। कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जलभराव ने खोली निकासी व्यवस्था की पोल
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। तेज बहाव के चलते वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मालवाहक वाहन के पानी में फंसने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के दौरान हर साल इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आती है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी होती है। सोमवार को हुई बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

अति भारी बारिश की चेतावनी से बढ़ी चिंता
इधर मौसम विभाग ने कोरबा समेत कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलभराव की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और संवेदनशील इलाकों में तत्काल आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।