राइस मिल और निर्माणाधीन स्कूल में चोरी, चोरों ने राइस मिलर व पेटी ठेकेदार को लगाई चपत

शटर का हुक तोड़कर बैटरी-इन्वर्टर पार, निर्माण स्थल से चार क्विंटल लोहे का सामान ले गए चोर

कोरबा। जिले में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उरगा थाना क्षेत्र में चोरों ने राइस मिल के शटर का हुक तोड़कर कार्यालय में घुसकर बैटरी, इन्वर्टर सहित अन्य सामान पार कर दिया। वहीं दर्री थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन स्कूल की बाउंड्रीवाल के लिए रखी निर्माण सामग्री पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राइस मिल में सेंध, शटर का हुक तोड़कर चोरी
पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर डोम नाला के पास स्थित गौरी शंकर राइस मिल की है। मिल संचालक संजय कुमार अग्रवाल के अनुसार 21 अगस्त की रात कर्मचारी करीब 11:30 बजे मिल परिसर की बाउंड्रीवाल के भीतर बने कमरे में सो गए थे। 22 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे जब कर्मचारी मिल का शटर खोलने पहुंचे तो उसका हुक टूटा हुआ था और शटर कुछ खुला मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही संजय कुमार अग्रवाल अपने पुत्र गौरव अग्रवाल के साथ मौके पर पहुंचे। मिल के अंदर जांच करने पर एक इन्वर्टर, उसकी बैटरी, ट्रक की नई बैटरी तथा धर्मकांटा का मॉनिटर और प्रिंटर गायब मिले। चोरों ने कार्यालय के कांच भी तोड़ दिए थे।

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निर्माण स्थल से चार क्विंटल लोहे का सामान पार
दूसरी घटना दर्री थाना क्षेत्र की है। केशलपुर निवासी तिहारू सिंह अगरिया जमनीपाली स्थित प्राथमिक स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण का पेटी ठेका लेकर काम कर रहे हैं। 21 अगस्त की शाम करीब 4 बजे काम खत्म करने के बाद उन्होंने बची हुई निर्माण सामग्री एक कमरे में रखकर ताला बंद कर दिया और घर चले गए।

अगली सुबह करीब 9:30 बजे जब वे निर्माण स्थल पर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो बॉस कंपनी की कटर मशीन, चार लोहे के कॉलम, लोहे की रॉड के दो बंडल तथा 8, 10 और 12 एमएम की कटपीस रॉड गायब थी। चोरी गए सामान का कुल वजन करीब चार क्विंटल और कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।

तिहारू सिंह की शिकायत पर दर्री पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता
एक ही अवधि में राइस मिल और निर्माण स्थल को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस दोनों मामलों में घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश में लगी है।