सावन के अंतिम सोमवार पर महामृत्युंजय मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

कोरबा।सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर नगर निगम आवासीय परिसर स्थित महामृत्युंजय महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर विधि-विधानपूर्वक 12 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर उनका रुद्राभिषेक एवं पूजन-अभिषेक किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दुग्ध सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान

पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं अभिषेक का आयोजन मंदिर के पुरोहित पंडित नागेश्वर पुरी गोस्वामी, आशुतोषपुरी गोस्वामी, नागेंद्रपुरी गोस्वामी तथा दशनाम नागा संन्यासी दिगंबर अखिलेश पुरी महाराज, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के शिष्य, के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

पूजन-अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ भगवान महादेव की आराधना की और सावन मास के अंतिम सोमवार पर विशेष पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरे परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना रहा।