कोरबा। पाली पुलिस ने ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम सेख मुस्तफा, राहुल कुमार और राजभान गोंड बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन सहित चोरी से संबंधित सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात पाली क्षेत्र में ट्रेलरों से डीजल चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
तीन राज्यों से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड, बिहार और मध्यप्रदेश के निवासी शामिल बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान डीजल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने पुलिस की अपील
कार्रवाई पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और गुप्तचर तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पाली पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रेलरों और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
